- जागेश्वर धाम पहुंचे अभिनेता राजपाल यादव, किए दर्शन-पूजन
अल्मोड़ा। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने गुरुवार को विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ अभिनेता हेमंत पांडे भी मौजूद रहे।
मंदिर परिसर में दर्शन के बाद राजपाल यादव ने कहा कि जागेश्वर धाम में आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और धार्मिक आस्था उन्हें बार-बार यहां आने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने देवभूमि की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की भी सराहना की।
अभिनेता के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पर्यटकों की भीड़ जुट गई। प्रशंसकों ने उनके साथ सेल्फी ली और ऑटोग्राफ भी लिए। राजपाल यादव ने सभी का अभिवादन किया और लोगों से आत्मीयता से मुलाकात की।
राजपाल यादव हिंदी सिनेमा के चर्चित हास्य अभिनेताओं में शामिल हैं। उन्होंने जंगल, हंगामा, मुझसे शादी करोगी, गरम मसाला, फिर हेरा फेरी, चुप चुप के, भागम भाग, ढोल, भूल भुलैया, पार्टनर और दे दना दन समेत कई फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई है।
