Dehradun…ऐतिहासिक श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य गेट के पास रविवार तड़के करीब तीन बजे पुराने आम के पेड़ का बड़ा हिस्सा अचानक गिर गया। पेड़ गिरने से तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। साथ ही बिजली व्यवस्था चरमरा गई और सड़क पर यातायात भी बाधित हुआ। गनीमत रही कि घटना रात के समय हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलते ही आपदा कंट्रोल रूम को फोन किया गया। इसके बाद पेड़ के कुछ हिस्से को काटकर सड़क से हटाया गया और यातायात सुचारू कराया गया। हालांकि, क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अभी भी बाधित है। सोमवार को सावन का अंतिम सोमवार होने के साथ ही 26 अगस्त को टपकेश्वर महादेव मंदिर की शोभायात्रा भी प्रस्तावित है। ऐसे में प्रशासन से जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने और पेड़ के शेष हिस्से को हटाने की मांग की गई है।
उधर, टपकेश्वर मंदिर के पास बहने वाली तमसा नदी का जलस्तर भी रविवार सुबह अचानक बढ़ गया। इससे कुछ देर के लिए संतोषी माता मंदिर का संपर्क बाधित रहा। बाद में जलस्तर कम हो गया और किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर टपकेश्वर के संस्थापक योगाचार्य डा. बिपिन जोशी ने कहा कि पेड़ का कुछ हिस्सा हटाकर यातायात व्यवस्थित कर दिया गया है, लेकिन बिजली आपूर्ति अभी बाधित है। उन्होंने श्रद्धालुओं से नदी तटों पर नहीं जाने की अपील की।
टपकेश्वर मंदिर के पास पेड़ गिरने से तीन वाहन क्षतिग्रस्त
