Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न, घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न, घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब
36 घंटे का निर्जला व्रत खोलकर व्रतियों ने की परिवार की सुख-समृद्धि की कामना
Dehradun….लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। तड़के तीन बजे से ही शहर के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखने वाले व्रतियों ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की खुशहाली व संतान की दीर्घायु की कामना की।
सूर्य की पहली किरण के साथ ही घाटों पर पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। सिर पर पूजन सामग्री की टोकरी और हाथों में फलों से सजे सूप लेकर श्रद्धालु घाटों तक पहुंचे। केले, नारियल और मौसमी समेत विभिन्न फलों से सजे सूप के साथ व्रतियों ने विधि-विधान से सूर्यदेव की आराधना की। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। ढोल की थाप और आतिशबाजी ने उत्सव के उल्लास को और बढ़ा दिया।
टपकेश्वर स्थित तमसा नदी, प्रेमनगर की टोंस नदी, मालदेवता की सौंग नदी, रिस्पना, रायपुर, हरवंशवाला और छठ पार्क ब्रह्मपुरी समेत शहर के विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूजा के दौरान महिलाओं ने सुहागिनों को सिंदूर लगाया और पुरुषों को तिलक कर उनके मंगलमय जीवन की कामना की। अर्घ्य के बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रतियों ने पारण किया।
इससे पहले शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ पर्व का आगाज हुआ था। शनिवार को खरना पूजन के बाद निर्जला व्रत शुरू हुआ और रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य की उपासना के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान पूर्ण हुआ।

ये भी पढ़ें:   30 किलो वजन घटाकर कृति ने हासिल की आयरनमैन की चुनौती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *