Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

छठ महोत्सव में भोजपुरी गीतों पर झूमे श्रद्धालु, झांकियों ने बिखेरे लोक संस्कृति के रंग

भोजपुरी गायिका देवी के छठ गीतों से गूंजा सभागार, पारंपरिक झांकियों के जरिए बताई महापर्व की महत्ता
Dehradun….छठी मैया के जयकारों, पारंपरिक भोजपुरी गीतों और आकर्षक झांकियों ने गढ़ीकैंट स्थित हरवंश कपूर मेमोरियल सभागार में पूर्वांचल की लोक संस्कृति के रंग बिखेर दिए। बिहारी महासभा की ओर से आयोजित छठ महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भोजपुरी गायिका देवी के भक्ति गीतों पर देर रात तक लोग झूमते रहे। कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्धन, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और कैंट विधायक सविता कपूर ने भी शिरकत की।
महोत्सव का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और छठी मैया की आरती के साथ हुआ। इसके बाद भोजपुरी गायिका देवी ने मंच संभाला तो पूरा सभागार तालियों और जयकारों से गूंज उठा। उन्होंने ‘जोड़े-जोड़े नारियल’ गीत से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद ‘छठ में पिया घरे अइले’, ‘केलवा के पात पर उगेलन सुरुज मल झांके झुके’, ‘मारबो रे सुगवा धनुष से’ और ‘कांच ही बांस के बहंगिया’ जैसे लोकप्रिय पारंपरिक गीत सुनाकर समां बांध दिया। करीब दो घंटे तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में भक्ति और लोकगीतों का अनूठा संगम देखने को मिला।
झांकियों में दिखे छठ के चारों प्रमुख विधान
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण छठ पर्व की परंपराओं पर आधारित झांकी रही। कलाकारों ने नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के दृश्यों का सजीव मंचन किया। सूर्यदेव, छठी मैया और अर्घ्य देने के लिए घाट की ओर जाते व्रतियों के स्वरूपों के माध्यम से महापर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को दर्शाया गया।
बिहारी महासभा के अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, संस्कृति, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा जीवन के सुख-दुख में समान भाव रखने का संदेश देती है। महासभा का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है, ताकि देहरादून में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लोग इस पर्व पर अपने घर जैसा अपनापन महसूस कर सकें।
प्रेमनगर घाट पर खनन रोकने की मांग
महासभा के सचिव चंदन झा ने बताया कि प्रेमनगर घाट पर 15 और 16 नवंबर को छठ पूजा की तैयारियां की जा रही हैं। घाट पर जारी खनन कार्य से श्रद्धालुओं को संभावित परेशानी को देखते हुए महासभा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर छठ महापर्व तक खनन कार्य रोकने की मांग की है।
इस अवसर पर महासभा के कोषाध्यक्ष रितेश कुमार, संरक्षक सत्येंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष विनय कुमार, रवि यादव, गणेश साहनी, सुरेंद्र अग्रवाल और देवेंद्र कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। महोत्सव का समापन छठी मैया की महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *