Dehradun… मजबूत इच्छाशक्ति और कठिन परिश्रम के दम पर दून की कृति थपलियाल ने अंतरराष्ट्रीय ट्रायथलान में शानदार प्रदर्शन कर फिनिशर मेडल अपने नाम किया। गोवा में आयोजित आयरमैन 70.3 ट्रायथलान में कृति ने तैराकी, साइकिलिंग और दौड़ की कुल 113.1 किलोमीटर की चुनौती महज आठ घंटे 38 मिनट में पूरी की। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने उत्तराखंड का मान बढ़ाया। अब कृति फरवरी 2027 में हैदराबाद में होने वाली अंतरराष्ट्रीय ट्रायथलान प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगी।
एक नवंबर को गोवा में आयोजित आयरमैन 70.3 के छठे सीजन में 30 देशों के करीब दो हजार खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। महिला और पुरुष वर्ग में आयोजित इस प्रतियोगिता में कृति उत्तराखंड की एकमात्र महिला प्रतिभागी रहीं। उन्होंने 30-34 आयु वर्ग में हिस्सा लेते हुए 1.9 किलोमीटर तैराकी, 90 किलोमीटर साइकिलिंग और 21.1 किलोमीटर दौड़ पूरी की।
कृति ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय चुनौती के लिए वह पिछले चार माह से नियमित अभ्यास कर रही थीं। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए उन्होंने अपनी फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया और करीब 30 किलो वजन कम किया। उनकी यह उपलब्धि दृढ़ संकल्प और अनुशासित तैयारी की मिसाल है।
आइआइएफटी दिल्ली से इंजीनियरिंग और एमबीए की पढ़ाई कर चुकीं कृति वर्तमान में बिजनेस स्ट्रेटेजी में पीएचडी कर रही हैं। पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ खेल के प्रति जुनून बनाए रखते हुए उन्होंने साबित किया कि लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो बड़ी से बड़ी चुनौती भी पार की जा सकती है।
30 किलो वजन घटाकर कृति ने हासिल की आयरनमैन की चुनौती
