Dehradun….डोईवाला-ऋषिकेश मार्ग पर बुधवार देर रात एक हाथी के हमले से बुलेट सवार युवक की जान आफत में पड़ गई। हाथी ने युवक को सड़क पर पटकने के बाद पैरों से धकेलना शुरू कर दिया। कुछ पल तक युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करता रहा। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर हाथी का ध्यान भटका और वह डिवाइडर की लोहे की रेलिंग तोड़कर जंगल में जा घुसा। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली और घायल युवक को सड़क से किनारे पहुंचाया।
घटना देहरादून एयरपोर्ट के समीप की बताई जा रही है। हाथी के हमले का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वीडियो में गजराज युवक पर हमला करते और उसे सड़क पर धकेलते नजर आ रहा है। वहीं, आसपास मौजूद लोगों की चीख-पुकार भी सुनाई दे रही है। हाथी के जंगल की ओर जाने के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने युवक को संभाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथी जिस तरह युवक पर हमलावर था, उससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। कुछ देर और हाथी मौके पर रुकता तो युवक की जान भी जा सकती थी।
गौरतलब है कि देहरादून एयरपोर्ट से ऋषिकेश की ओर जाने वाले मार्ग के दोनों तरफ घना जंगल है। यहां हाथियों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। कई बार वन्यजीव अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा हो जाता है। ताजा घटना ने एक बार फिर इस मार्ग पर वन्यजीवों की सक्रियता के बीच सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत को उजागर कर दिया है।
बुलेट सवार को पटक हाथी ने पैरों से धकेला, मौत को छूकर लौटा युवक
