- टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस बनी उत्तर-दक्षिण का नया रेल संपर्क
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस के शुभारंभ और टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन के शाहजहांपुर तक विस्तार को उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि नई एक्सप्रेस ट्रेन उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक जुड़ाव को नई मजबूती देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर कुमाऊं का प्रवेश द्वार है। यहीं से श्रद्धालु पूर्णागिरि धाम और आदि कैलास की यात्रा के लिए प्रस्थान करते हैं। नई ट्रेन सेवा शुरू होने से मध्य और दक्षिण भारत के यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा, जिससे धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र की जनता मध्य एवं दक्षिण भारत के लिए सीधी रेल सेवा की मांग कर रही थी, जो अब पूरी हो गई है। वहीं, टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन का शाहजहांपुर तक विस्तार होने से स्थानीय यात्रियों को भी आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी।
