Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

जरूरतमंद छात्राओं को मिला नंदा-सुनंदा देवी का आशीर्वाद

Ruchi negi…. अब 12 वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद निर्धन, असहाय, अनाथ छात्राएं आगे की पढ़ाई आसानी से कर सकेंगी। जिलाधिकारी सविन बंसल ने नंदा- सुनंदा योजना की शुरुआत कर जरूरतमंदों के लिए निश्शुल्क स्नातक एवं कौशल शिक्षा में दाखिले के द्वार खोेल दिए हैं। प्रशासन ने अभ्यर्थियों के चयन के लिए बहुविषयक समिति का गठन किया है। जनता दरबार एवं बहुद्देशीय शिविर के माध्यम से चयन प्रक्रिया की जाएगी। जिससे योजना की पात्रता में असली हकदार शामिल हो सके। जिस शिक्षण संस्थान में छात्रा का दाखिला किया जाएगा। धनराशि शिक्षण संस्थान के खाते में डाली जाएगी। हर सप्ताह जरूरतमंद का चयन किया जाएगा।

शनिवार को ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल ने नंदा सुनंदा योजना की शुरुआत की। पहले दिन आठ अभ्यर्थियों को 2,44,731 की धनराशि चैक से वितरण की गई। जिसमें श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में बीएससी (योग साइंस) की पढ़ाई कर रही अनाथ रोशनी को 28,975 की धनराशि, राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान में स्नातक की पढ़ाई कर रही रोनक को 25,000, राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान से 12 वीं में अध्ययनरत शशांक एवं अकांक्षा को 15000-15000, उत्तरांचल विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रही मानसी साहू को 52,500, मोथरोवाला क्षेत्र की रहने वाली मीना एवं पूजा को कौशल शिक्षा के लिए 50,000, उत्तरांचल विश्वविद्यालय में होटल मैनेजमेंट का कार्स कर रहे विधि को 58,256 की धनराशि आर्थिक सहायता के रूप में दी गई। इस मौके पर उपजिलाधिकारी न्यायिक कुमकुम जोशी, डीपीओ जितेन्द्र कुमार, समाज कल्याण अधिकारी पूनम चमोली, प्रशासनिक अधिकारी कपिल कुमार आदि मौजूद रहे।

सर्वे के बाद चलेगी चयन प्रक्रिया

प्रशासन को जरूरतमंद के आवेदन मिलने के बाद बहुविषयक समिति धरातल पर सर्वे करेगी। जिसमें जिला प्रोबेशन अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अभ्यर्थियों की सर्वे रिपोर्ट समिति को सौंपेगी। जिसके बाद जनता दरबार एवं बहुद्देशीय शिविर के माध्यम से चयन किया जाएगा।

नैनीताल जिलाधिकारी रहते हुए योजना की शुरुआत
नैनीताल जिले के जिलाधिकारी रहते हुए संविन बंसल ने नंदा-सुनंदा योजना की शुरुआत की। उन्होंने 60 बालिकाओं को शैक्षणिक विकास में समृद्ध, सशक्त, सुदृढ़ बनाकर भविष्य को संवारने का काम किया। उन्होंने देहरादून में भी योजनाओं की शुरुआत कर जरूरतमंदों के लिए भविष्य की उम्मीद जगाने का काम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *