Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

जेल में बंद चैंपियन की तबीयत बिगड़ी

Ruchi negi…..खानपुर विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर फायरिंग के मामले में रोशनाबाद जेल में बंद पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की तबीयत बिगड़ गई है। जेल में लूज मोशन के बाद शौच के रास्ते खून आने पर शनिवार देर रात उन्हें रेफर कर हरिद्वार जिला अस्पताल लाया गया। चेकअप के बाद देर रात तक चैंपियन को जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी चल रही थी।
बीते 26 जनवरी को रुड़की स्थित खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर फायरिंग के आरोप में पुलिस ने पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को गिरफ्तार किया था। सीजीएम हरिद्वार कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। वहीं, इसी प्रकरण के क्रास मुकदमे में विधायक उमेश कुमार को कोर्ट से जमानत मिल गई थी। बाद में कोर्ट ने चैंपियन की न्यायिक हिरासत की अवधि बढ़ा दी थी। गिरफ्तारी के बाद से ही कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन जिला कारागार रोशनाबाद में बंद है। ऐसा बताया गया कि शुक्रवार से चैंपियन को लूज मोशन लगे हुए थे। जेल में उपचार के बावजूद उन्हें आराम नहीं मिला। शनिवार को शौच के रास्ते खून आने पर उन्हें जेल के अस्पताल से जिला अस्पताल हरिद्वार रेफर कर दिया गया।
हालांकि, जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने चैंपियन को हृदय रोग की समस्या बताई। देर रात तक जिला अस्पताल में उनके चेकअप किए गए। चैंपियन को जिला अस्पताल लाने की सूचना पर पुलिस सक्रिय हो गई और सुरक्षा के इंतजाम किए गए। देर रात तक उन्हें जॉलीग्रांट या एम्स ऋषिकेश रेफर करने की तैयारी चल रही है। जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह को शुक्रवार को लूज मोशन होने पर जेल के अस्पताल से ही दवाई दी गई थी लेकिन शनिवार को उन्होंने शौच के रास्ते खून आने की शिकायत बताई। एहतियात के तौर पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *