Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

सेवादार के हत्या के आरोप में पत्नी,प्रेमी को किया गिरफ्तार

Ruchi negi… पथरी क्षेत्र में गुरुद्वारे के सेवादार की हत्या का राज पुलिस ने खोल दिया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद सेवादार की पत्नी और प्रेमी को गिरफ्तार किया। अवैध संबंधों के चलते दोनों ने मिलकर सेवादार की हत्या की थी।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि 18 मार्च को थाना पथरी क्षेत्र के शाहपुर माड़ी के पास एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान सुखपाल निवासी शाहपुर शीतलाखेड़ा के रूप में हुई थी। अगले दिन मृतक के भाई पवन की शिकायत पर थाना पथरी में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सीआईयू की मदद से डिजिटल साक्ष्यों और घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर सुखपाल की पत्नी रितु और उसके प्रेमी रितिक निवासी टांडा जीतपुर भीकमपुर लक्सर को गिरफ्तार कर लिया गया। वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली गई। एसएसपी ने बताया कि रितु और रितिक के बीच अवैध संबंध थे। सुखपाल इस रिश्ते में रोड़ा बन रहा था, जिससे छुटकारा पाने के लिए दोनों ने उसकी हत्या की योजना बनाई। अमृतसर में नौकरी कर रहे सुखपाल को उसकी पत्नी रितु ने यह कहकर घर बुलाया कि उसका कोई रिश्तेदार आया है। सुखपाल लक्सर बस अड्डे पर पहुंचा, रितिक उसे कार में लेने आया। रास्ते में रितिक ने सुखपाल को शराब पिलाई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को माड़ी के पास फेंक दिया। हत्या के बाद दोनों मौके से फरार हो गए और हालात सामान्य होने पर शादी करने की योजना बना रहे थे, पुलिस ने इससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर हत्याकांड का पर्दाफ़ाश कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *