Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

पाश कालोनी के बंद घर में चोरी, कीमती सामान उड़ाए

Rahul negi….पाश एरिया इंजीनियर्स एन्क्लेव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया है। चोर दरवाजा तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए और लाखों रुपये के गहने, चांदी की मूर्तियां, पीतल के बर्तन, घरेलू सामान व सारे नल उखाड़कर ले गए। चोरों ने आलमारी का लाकर भी तोड़ डाला और इसके बाद चाबी से अन्य आलमारी व दरवाजे खोलकर सामान चुराया। चोरी की सूचना मिलने पर मकान मालिक हैदराबाद से देहरादून पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
हैदराबाद में एक आइटी कंपनी में कार्यरत उत्कर्ष गुप्ता निवासी इंजीनियर्स एन्क्लेव फेस-1 ने बताया कि उनके पिता सर्वे आफ इंडिया में डायरेक्टर थे। उनका परिवार कुछ समय हैदराबाद, जबकि कुछ समय के लिए देहरादून में रहता है। घर पर किराएदार रहते हैं, लेकिन किराएदार 10 दिन पहले अपने नए घर में शिफ्ट हो गए। पीछे वाले कमरे में चौकीदार रहता है, लेकिन उनकी पत्नी की डिलीवरी होने के चलते वह लखनऊ गया हुआ है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्हें पुराने किराएदार ने सूचना दी कि घर का मुख्य गेट खुला हुआ है। जब उन्होंने किराएदार को अंदर जाकर देखने को कहा तो घर के अदंर पानी भरा हुआ था और आलमारी से सामान निकालकर बेड पर रखा हुआ था, जबकि कुछ सामान बिखरा हुआ था। मंगलवार दोपहर को वह देहरादून पहुंचे तो देखा कि मुख्य दरवाजे को तोड़कर चोर अंदर घुसे। बेडरूम में रखी आलमारी का लाकर तोड़कर चोरों ने सामान निकाला। इसके अलावा आलमारी से चाबी निकालकर सभी दरवाजे खोले व घर से गहने, चांदी की मूर्तियां, मिक्सी, पीतल के बर्तन व घर से सारे नल निकालकर ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *