Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

अब संगीत का ज्ञान भी सीखेंगे भिक्षावृत्ति से रेस्क्यू छात्र

Ruchi negi….  भिक्षावृत्ति से रेस्क्यू किए गए बच्चों को पठन-पाठ्न के साथ ही संगीत एवं कंप्यूटर का ज्ञान दिया जाएगा। साधुराम इंटर कालेज में बने पुनर्वास केंद्र में संगीत कक्ष का निर्माण किया गया है। जिसमें संगीत के सभी वाद्ययंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही कंप्यूटर कक्ष में बच्चों को कंप्यूटर की शिक्षा दी जाएगी।
राजा रोड स्थित साधुराम इंटर कालेज के पुनर्वास केंद्र में बच्चों के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। जिसमें भिक्षावृत्ति से रेस्क्यू किए गए 30 बच्चे प्रतिदिन पठन-पाठन कर रहे हैं। अभी तक बच्चों को खेल गतिविधियों में शामिल किया जा रहा था। लेकिन अब संगीत कक्ष में वाद्ययंत्रों का ज्ञान भी दिया जाएगा। इसके साथ ही तकनीकी ज्ञान के लिए कंप्यूटर की पढ़ाई का शुभारंभ किया जाएगा। बच्चों को सुबह के समय पुनर्वास केंद्र ले जाने का काम नोडल विभाग जिला प्रोबेशन का है। पठन-पाठ्न के साथ ही बच्चों को भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिलाधिकारी सविन बंसल हर दिन पुनर्वास केंद्र की गतिविधियों की मानिटरिंग कर रहे हैं। बच्चों की रुचि के हिसाब से विभिन्न क्रियाकलापों में शामिल करने का काम शिक्षक कर रहे हैं। बच्चों गतिविधियों पर प्रशासन सीसीटीवी से भी नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *