- शहर के वार्ड 41 का निरीक्षण करने उतरे मेयर
देहरादून। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। वार्ड संख्या-41 में सन पार्क इन होटल के पास नाला चोक होने से सड़क पर पानी भर गया। सूचना मिलने पर महापौर सौरभ थपलियाल मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ स्थिति का निरीक्षण किया।
महापौर के निर्देश पर नगर निगम ने टीएमएस-20 नाला सफाई मशीन और जेसीबी मौके पर भेजकर नाले की सफाई और जल निकासी का काम शुरू कराया। क्षेत्रीय पार्षद बबीता गुप्ता ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) द्वारा बनाए गए नाले के चोक होने से पानी की निकासी बाधित हो रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान नागरिकों को राहत देना नगर निगम की प्राथमिकता है और जलभराव की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
महापौर ने बताया कि लगातार बारिश को देखते हुए नगर निगम की टीमें शहरभर में सक्रिय हैं। नालों की सफाई, जल निकासी और जलभराव की समस्याओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जल निकासी व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचें और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल नगर निगम को दें।
