Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

धारदार हथियार से हमला करने वालों पर मुकदमा दर्ज

Dehradun, राजपुर रोड स्थित चर्च में तेजधार हथियारों से हमला करने पर शहर कोतवाली पुलिस ने 11 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को दी तहरीर में पादरी विशाल चरन निवासी सेंटजेम्स चर्च एनफील्ड, विकासनगर ने बताया कि मोरिसन मैमोरियल चर्च राजपुर रोड आगरा डायोसिस (सीएनआइ डाईसिस) की एक ईकाई है। चर्च व उसके अधीन आने वाले सभी चर्चों का प्रबंधन आगरा डायोसिस (सीएनआई डाईसिस) की ओर से किया जाता है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 20 अप्रैल को इस्टर का पर्व था, जिसके चलते रैवरन विशाल चरण एंव रैवरल एसपी लाल को चर्च में प्रार्थना सभा आयोजित करने के लिए नियुक्त किया गया था। जब रैवरन विशाल चरण व रैवरन एसपी लाल अन्य सदस्यों के साथ प्रार्थना सभा के लिए चर्च में गए तो निर्मल जेकब ने अपने समर्थकों के सार्थ चर्च का मुख्य गेट बंद कर रखा था। आग्रह करने पर भी उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। भीड़ जमा होता देख निर्मल जैकब व उसके साथियों ने कुछ देर बाद दरवाजा खोला और रैवरन विशाल चरण, रैवरन एसपी लाल तथा उनके अन्य सदस्यों को वहां से चले जाने के लिए कहा। जब उन्होंने कहा कि बिना प्रार्थना सभा आयोजित किए वहां से नहीं जाएंगे तो इस पर निर्मल जेकब व उसके साथी कर्नल संजय वाशिंटन, इशान डेविड वाशिंगटन, रजनी वाशिंगटन, रोहित बैंजीपन सिंह, आशीष मसीह, डा. सौरभ कुमार गुप्ता, समीर इमैनवल डीकैस्टो, जैनेश पीटर, आशिमा चंद क्रोधित हो गए और गाली गलौच करते हुए तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
अचानक हमले के चलते सभा में आए सदस्य वंदना शेरिंग, सैन्ड्रा पल, पादरी विशाल चरन, स्टीफन सिंह, रिबैका सिंह, शैरी विल्सन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। शहर कोतवाल चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *