Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

कांग्रेस विधायक भंडारी की विधायकी समाप्त

Ruchi negi : कांग्रेस के डूबते जहाज से उतरने एवं भाजपा के रथ पर सवार होते ही बद्रीनाथ सीट से विधायक राजेन्द्र भंडारी की विधायकी समाप्त हो गयी है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी को अपना इस्तीफा सौंप दिया । विधानसभा अध्यक्ष ने राजेंद्र सिंह भंडारी के त्यागपत्र पर मुहर लगा दी है। बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस को इससे भी बड़ा झटका लग सकता है। राजनीतिक गलियारों से खबर आ रही है की कांग्रेस के 05 और विधायक भाजपा के सम्पर्क में हैं। यदि ऐसा है तो यह कांग्रेस के लिए बेहद बड़ा झटका होगा। यकीन करें तो कांग्रेस के 03 विधायक कुमाऊं से और 02 विधायक गढ़वाल मंडल से भाजपा के संपर्क में हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस के ये सिपाही जल्द भाजपा के प्रति अपनी लिखित निष्ठा दर्ज करा सकते हैं। दूसरी तरफ राजेंद्र सिंह भंडारी की विधायकी समाप्त कर दिए जाने के साथ ही बदरीनाथ सीट को रिक्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस संबंध में नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया जाएगा। वैसे भी उन पर दल बदल कानून के तहत कार्रवाई संभव थी और इस बात को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र भी लिख दिया था। इसके अलावा कांग्रेस छोड़ने के लिए मची एक तरह की होड़ के बीच पौड़ी जिले के जयहरीखाल के ब्लॉक प्रमुख दीपक भंडारी ने भी अपना इस्तीफा संगठन को सौंप दिया है।

कांग्रेसी खेमे से ये बड़े नाम खिसके, ये भाजपा में गए
टिहरी संसदीय सीट के अंतर्गत टिहरी के पूर्व विधायक धन सिंह नेगी, पूर्व वन मंत्री हरक सिंह रावत की पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा कांग्रेस को अलविदा कह चुके हैं। यह अभी भाजपा से आमंत्रण मिलने के इंतजार में हैं। हालांकि, इससे पहले भाजपा सरकार में मुख्य्मंत्री रहे मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (रिटायर) के पुत्र मनीष खंडूड़ी, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण व मालचंद कांग्रेस से पाला बदलकर भाजपा का हिस्सा बन चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *