Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

आरटीओ संभाग ने जीती रोड सेफ्टी ट्राफी

Dehradun….परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित रोड सेफ्टी विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट की फाइनल ट्राफी पर आरटीओ देहरादून संभाग की टीम ने कब्जा जमाया।सोमवार को गणतंत्र दिवस पर परिवहन मुख्यालय परिसर में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरटीओ देहरादून ने परिवहन मुख्यालय (टीसी-11) की टीम को एकतरफा मुकाबले में पराजित किया।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर झंडारोहण के बाद शुरू हुए फाइनल मैच में आरटीओ देहरादून की टीम ने पहले गेंदबाजी करते हुए सधा हुआ प्रदर्शन किया। टीम की शानदार गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग के सामने परिवहन मुख्यालय की टीम 50 रन पर आलआउट हो गई। गेंदबाजों ने शुरू से ही दबाव बनाए रखा, जिससे विपक्षी बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरटीओ देहरादून की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए महज चार ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और ट्राफी अपने नाम कर ली। पूरे टूर्नामेंट में आरटीओ देहरादून टीम का प्रदर्शन संतुलित और प्रभावशाली रहा। टूर्नामेंट में परिवहन मुख्यालय (टीसी-11), आरटीओ देहरादून संभाग, आरटीओ पौड़ी संभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम की कुल चार टीमों ने भाग लिया। आयोजन के मुख्य अतिथि अपर परिवहन आयुक्त एसके सिंह रहे। इस अवसर पर संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव मेहरा, उप परिवहन आयुक्त दिनेश पठोई, सुनील शर्मा, शैलेश तिवारी और आरटीओ प्रवर्तन डा. अनिता चमोला भी मौजूद रहे।

राहुल चौहान मैन आफ द सीरीज
व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर राहुल चौहान को मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया। कपिल चौहान को बेस्ट बैट्समैन और विकास को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला। आरटीओ देहरादून टीम की कप्तानी संदीप सैनी ने की। समापन अवसर पर अपर आयुक्त एसके सिंह ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन विभागीय समन्वय के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देने का प्रभावी माध्यम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *