Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

गंगोत्री-गोमुख ट्रैक रूट पर्यटकों के लिए खोला

Uttarakashi….लंबे इंतजार के बाद शनिवार को गंगोत्री-गोमुख ट्रैक पर्यटक, ट्रैकर व पर्वतारोहियों के लिए खोल दिए हैं। एक अप्रैल को ट्रैक रूट खोला जाना था। लेकिन ट्रैक रुट पर हिमखंड की वजह से जगह-जगह क्षतिग्रस्त था। गंगोत्री से 18 किमी लंबा गंगोत्री-गोमुख ट्रैक रुट शुरु होता है। देश की सदानीरा गंगा नदी का उद्गम स्थल गोमुख भी इसी ट्रैक रुट पर स्थित है। इस सीजन में बर्फबारी की वजह से ट्रैक रुट पर जगह-जगह अस्थायी पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस दौरान दो-तीन बार गंगोत्री नेशनल पार्क की टीम भी ट्रैक रुट खोले जाने की स्थिति का जायजा लेने के लिए ट्रैक रुट पर रवाना हुई। बाद में श्रमिकों की मदद से क्षतिग्रस्त अस्थायी पुलियाओं समेत क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत करवाई गई। पार्क के उप निदेशक हरीश नेगी ने बताया कि शनिवार को जिलाधिकारी की अनुमति पर ट्रैक खोल दिया है। सिंगल विंडो सिस्टम के पोर्टल में तकनीकी खामी की वजह से आनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहे हैं, जिसे देखते हुए फिलहाल आफलाइन रजिस्ट्रेशन किए जायेंगे। बताया कि इसके साथ केदारताल ट्रैक को भी खोल दिया गया है। इधर, गढ़वाल हिमालयन ट्रैकिंग एंड माउंटेनियरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र राणा ने गंगोत्री व गोमुख ट्रैक रुट खोले जाने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पर्यटक लंबे समय से ट्रैक रुट के खुलने का इंतजार कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *