Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

पेट्रोल पंप कारोबारी की गोली मारकर हत्या

हरिद्वार/रुड़की:  पनियाला रोड पर एसआर पेट्रोल पंप कारोबारी की सिर में गोली मारकर बदमाशों ने हत्या कर दी। घटना बुधवार देर रात की है, जब कारोबारी अपने आवास परिसर में बने आफिस में बैठे थे। इसी दौरान दो बदमाश आए और कारोबारी के सिर पर गोली मारकर भाग गए। हत्या की सूचना मिलते ही एसएसपी फोर्स के साथ घटना स्थल पहुंचे।

रुड़की गंग नहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला रोड निवासी जोगेंदर (40) का पनियाला रोड पर एसआर पेट्रोल पंप है। कारोबारी प्रोपर्टी  डीलर का काम भी करते थे। बुधवार देर रात वह अपने आवास परिसर में बने कार्यालय में बैठे हुए कुछ काम निपटा रहे थे। इसी दौरान चाहरदीवारी फांदकर दो बदमाश आवास परिसर के अंदर आए । बदमाश सीधे उनके कार्यालय में घुसे। इससे पहले की वह कुछ समझ पाते बदमाशों ने उनके सिर में गोली मार दी। इसके बाद बदमाश वहां से निकल गए। गोली की आवाज सुनकर घर के अंदर से उनके परिजन वहां पहुंचे। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी । साथ ही घायल को सिविल अस्पताल ले गए। सिविल अस्पताल में चिकित्सकों ने पेट्रोल पंप कारोबारी को मृत घोषित कर दिया। कारोबारी की हत्या की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बदमाशों की काफी तलाश की ,लेकिन कोई सुराग नही मिला। एएससपी परमेन्द्र डोभाल ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली ।पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नही चला। एसएसपी ने बताया बदमाशों की तलाश में पुलिस जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *