Dehradun…भाईदूज के पावन पर्व पर बुधवार को यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर शुभ मुहूर्त में कपाटबंदी हुई। इस दौरान धाम मां यमुना के जयकारों से गूंज उठा। अपनी बहन मां यमुना को लेने पहुंचे शनिदेव महाराज की डोली ने कपाटबंदी समारोह को खास बना दिया। अब अगले छह माह तक श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली गांव में कर सकेंगे।
कपाटबंदी के अवसर पर सुबह से ही यमुनोत्री धाम में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए थे। तीर्थ पुरोहितों ने मां यमुना का विधिवत पूजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाई और सुख-समृद्धि की कामना की।
परंपरा के अनुसार, भैया दूज पर शनिदेव महाराज की डोली अपनी बहन मां यमुना को लेने यमुनोत्री धाम पहुंची। यहां शनिदेव महाराज ने यमुना नदी में स्नान किया और मां यमुना के साथ विशेष पूजा-अर्चना में शामिल हुए। तीर्थ पुरोहितों ने दोनों देव विग्रहों का विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद तय मुहूर्त पर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
कपाटबंदी के बाद मां यमुना की उत्सव मूर्ति को फूलों से सजी डोली में विराजमान कर खरसाली गांव के लिए रवाना किया गया। डोली यात्रा में तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मां यमुना की विदाई के दौरान पूरा क्षेत्र जयकारों से भक्तिमय हो उठा।
यमुनोत्री मंदिर समिति के सह सचिव गौरव उनियाल ने बताया कि कपाट परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ बंद कर दिए गए हैं। शीतकाल में खरसाली स्थित यमुना मंदिर में मां की नियमित पूजा-अर्चना होगी और श्रद्धालु वहीं दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने राज्य सरकार से शीतकाल के दौरान खरसाली गांव तक यात्री सुविधाएं सुचारू रखने की मांग की। कहा कि इससे शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों, तीर्थ पुरोहितों और अन्य लोगों के रोजगार को भी संबल मिलेगा।
