Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

देहरादून की पावनी छाबड़ा ने जीता मिस टीन टूरिज्म ग्लोब 2026 का खिताब

देहरादून की पावनी छाबड़ा ने जीता मिस टीन टूरिज्म ग्लोब 2026 का खिताब

Dehradun…उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की युवा प्रतिभा पावनी छाबड़ा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए मिस टीन टूरिज्म ग्लोब 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया है। फिलीपींस की एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्था द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में विश्व के कई देशों के प्रतिभागियों के बीच पावनी ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और भारतीय संस्कृति की गरिमामयी प्रस्तुति से निर्णायकों का दिल जीत लिया।
प्रतियोगिता में जापान, रूस, भारत, दुबई एवं संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), फिलीपींस सहित विभिन्न देशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच पावनी ने अपने प्रभावशाली व्यक्तित्व, मंच संचालन कौशल और सांस्कृतिक प्रस्तुति के दम पर विजेता का ताज हासिल कर भारत का गौरव बढ़ाया।
देहरादून में पली-बढ़ी पावनी छाबड़ा ने इस उपलब्धि के माध्यम से न केवल भारत का प्रतिनिधित्व किया, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रतिभा और युवा शक्ति को भी वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। उनका यह सफर इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर छोटे शहरों के युवा भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
पावनी की इस सफलता पर उत्तराखंड के लोगों में खुशी की लहर है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर हों, तो दुनिया का कोई भी मंच दूर नहीं रहता।
पावनी छाबड़ा की यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल उनके परिवार और देहरादून, बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का नया हौसला देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *