Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

भाई की मौत से सदमे में बहन

दुःखद खबर : बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर देवप्रयाग से 15 किमी आगे बागवान के पास हुए हादसे में मृत आदित्य नेगी और घायल अनीता नेगी के मकान पर ताला लगा है और बाहर सन्नाटा पसरा हुआ है। पड़ोसियों ने बताया कि अनीता नेगी की बेटी अदिति को जैसे ही घटना के बारे पता चला तो वह नानी के सीने में लिपटकर काफी देर तक रोती रही। अदिति नानी से घटनास्थल पर जाने की जिद कर रही थी। अदिति को यकीन ही नहीं हो रहा था कि जिस भाई और मौसी के परिवार को कुछ घंटे पहले हंसते-हंसते विदा किया था, वह लोग आज इस दुनिया में नहीं हैं। नानी अदिति को लेकर घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। अनीता नेगी के पति मदन सिंह नेगी भी जम्मू कश्मीर से रुड़की के लिए रवाना हो गए हैं।
रुड़की के दुर्गा कालोनी निवासी मदन नेगी नागा रेजीमेंट में हैं और वर्तमान में जम्मू कश्मीर के आरा में तैनात हैं। पड़ोसियों ने बताया कि शुक्रवार को अनीता नेगी की छोटी बहन मीना गुंसाई, उनके पति सुनील गुंसाई, दोनों बच्चे धैर्य गुंसाई और सूजल गुंसाई फरीदाबाद से रुड़की आए थे। उन्हें शादी में शामिल होने के लिए चमोली जाना था। घर में काफी खुशी का माहौल था। घर में बच्चे खूब हल्ला कर रहे थे। पड़ोस में रहने वाले कुसुम ने बताया कि आदित्य भी शादी में जाने को काफी खुश था। शनिवार सुबह करीब पौने तीन बजे सभी लोग घर से निकले थे, जबकि अदिति घर में ही रुकी थी। वहीं हादसे की जानकारी अनीता नेगी की मां चंद्रो देवी को हुई तो वह सदमे में आ गई। चंद्रो देवी दिल्ली अपने भाई के पास गई थी। हादसे में बेटी, दामाद और नाती की मौत की खबर मिलने के बाद वह तुरंत ही रुड़की के दुर्गा कालोनी में पहुंची। पड़ोसियों ने बताया कि नानी के पहुंचते ही अदिति उनसे लिपटकर काफी देर तक रोती रही। अदिति को चंद्रो देवी और पड़ोसियों ने किसी तरह से चुप कराया। बार-बार अदिती मां, भाई और मौसी के पास जाने की जिद कर रही थी। चंद्रो देवी मकान को ताला लगाकर नातिन अदिति को लेकर रवाना हो गईं। हादसे के बाद गली में सन्नाटा पसर गया। दुर्गा कालोनी के अध्यक्ष प्रेम सिंह चौहान ने बताया कि मदन सिंह नेगी जम्मू कश्मीर के आरा में तैनात हैं। उनका बेटा आदित्य रुड़की के कोर कालेज में बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। जबकि बेटी अदिति इंटर की छात्रा है। उन्होंने बताया की हादसे को लेकर हर कोई दुखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *