Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

यहां सेनिटाइजर फैक्ट्री में लगी भीषण आग

Usha butola : बहादराबाद क्षेत्र में रविवार रात भीषण अग्निकांड हुआ। बहादराबाद-इब्राहिमपुर मार्ग पर पथरी थाना क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में करीब रात नौ बजे अचानक भयंकर आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी ऊंची उठी कि कई किलोमीटर दूर से धुएं का काला गुबार नजर आया। कंपनी के कर्मचारी जोगेंद्र के अनुसार हादसे के वक्त फैक्ट्री में दो कर्मचारी काम कर रहे थे, जो आग लगने के बाद से अब तक बाहर नहीं निकल सके हैं। कर्मचारी ने कहा कि उसने स्वयं किसी तरह भाग कर जान बचाई। उनको बचाने का प्रयास किया परंतु वह कहीं नजर नहीं आए। भले ही दमकल विभाग और प्रशासन ने फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन रेस्क्यू टीम देर रात तक आग पर काबू पाने की मशक्कत करती रही। फैक्ट्री में मौजूद ज्वलनशील रसायनों के चलते देर रात तक स्थिति भयावह बनी रही।
रविवार रात करीब नौ बजे के करीब थिनर और सेनिटाइजर बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक आग लगी। ज्वलनशील रसायन होने के कारण आग ने अचानक विकराल रूप लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार से घटना के करीब एक घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर टैंकर और बाल्टियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। परंतु केमिकल से फैली लपटों और जहरीले धुएं के आगे सारे प्रयास नाकाफी साबित हुए। आग लगते ही फैक्ट्री के आसपास के गांव व आबादी क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना। लोग आग का गोला बनी फैक्ट्री के करीब जमा हो गए। हरिद्वार, सिडकुल की दमकल विभाग की टीम के साथ थाना बहादराबाद, थाना पथरी पुलिस भी रेस्क्यू अभियान में जुटी। परंतु देर रात तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका। ज्वलनशील रसायन के कारण आग और फैलती रही। कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर तीन से चार लोग फंसे हो सकते हैं। फैक्ट्री का मालिक के अंदर ही फंसे होने की आशंका है। हरिद्वार के प्रभारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी बीरबल सिंह ने बताया कि आग बेहद विकराल है। फैक्ट्री में मौजूद केमिकल्स के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। हमारी प्राथमिकता आग पर काबू पाने के साथ-साथ अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की है। कितने लोग फंसे हैं, इसकी सही जानकारी आग पर काबू पाने के बाद ही लगेगी। आग बुझाने में पूरी रात लग सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *