Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

गृह मंत्री का बेटा बनकर विधायक को मंत्री बनाने का झांसा देकर मांगी रकम

Ruchi negi….नैनीताल विधायक सरिता आर्य को मंत्री बनाने का प्रलोभन देकर रकम मांगने का मामला सामने आया है। ठगों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बेटा बनकर विधायक को कई फोन किये। मगर पार्टी के उच्च पदाधिकारियों से फोन पर वार्ता से विधायक से ठगी होने से बच गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।

विधायक सरिता आर्य के जनसंपर्क अधिकारी पुरुषोत्तम गरवाल ने तल्लीताल थाने में शिकायत देकर कहा है कि बीते 13 फरवरी को विधायक के फोन पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बेटा जय साह बताया। कहा कि उन्हें मंत्री बनवायेंगे, मणिपुर में व्यस्तता के कारण पापा व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व्यस्त है। जिस कारण उत्तराखंड के निर्णय लेने के लिए उन्हें अधिकृत किया गया है। राष्ट्रीय खेलों के समापन के लिए गृहमंत्री हल्द्वानी आ रहे है, तब तक आप दिल्ली आ जाए। कार्यालय में पार्टी फंड जमा करने के बाद 14 फरवरी की शाम केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ उनकी बैठक आयोजित की जाएगी। जब इस संबंध में विधायक ने जेपी नड्डा से संपर्क कर जानकारी लेनी चाही तो उन्हाेंने इस प्रकार की किसी बातचीत से मना कर दिया। यह फ्रांड कॉल केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष को बदनाम करने की साजिश हो सकती है संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। एसओ रमेश सिंह बोहरा ने बताया कि मामले में अज्ञात के विरुद्ध बीएनएस की धारा 308(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *