Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

स्वयं सिद्धा संस्था ने बुजुर्गों को जरूरत सामग्री देकर कमाया पुण्य

Ruchi negi….स्वयं सिद्धा एक्स ओएनजीसी आफिसर्स वाइव्स संस्था ने प्रेम धाम वृद्धा आश्रम में बुजुर्गों को जरूरत की सामग्री आटोमेटिक वाशिंग मशीन, गीजर, खाद्य सामग्री वितरण की गई। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने बुजुर्गों की कुशक्षेम पूछी। साथ ही बुजुर्गों ने वृद्धा आश्रम में मिल रही सुख सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया।
बुधवार को डालनवाला नेहरू रोड स्थित प्रेम धाम वृद्धा आश्रम में स्वयंसिद्धा एक्स ओएनजीसी आफिसर्स वाइव्स के पदाधिकारियों ने बुजुर्गों के साथ खुशियां बांटी। संस्था की सचिव स्वीटी क्लेर ने बताया 82 हजार रुपये की धनराशि से एक आटोमेटिक वाशिंग मशीन, 29 थर्मल जग, तीन गीजर, फल एवं खाद्य सामग्री वितरण की गई। इसके अलावा दाल, चावल, सूप पैकेट्स, बिस्किट, रेवड़ी, कोल्ड क्रीम, आंवला तेल, तौलिए, मक्खन, फ्रूटी, नहाने के साबुन आश्रम प्रबंधक को सुपुर्द किया गया। बताया समय-समय पर शहर के आश्रम में जरूरतमंदों को संस्था की ओर से मदद दी जाती है। इस मौके पर संस्था की अध्यक्ष मंजू चौधरी, उपाध्यक्ष अंजू रावत, पैटर्न दिव्या पांडे, एग्जीक्यूटिव टीम के अरुणा, सुषमा, अनिता, मीनू, प्राची, प्रीति, मीनाक्षी, प्रमिला, प्रभा जोशी, प्रभा नांगिया, शिखा, सरिता, नीलम, दीपांशी, शबनम रीता आदि मौजूद रहे।

इन बच्चों का रहा अहम योगदान
स्वयं सिद्धा एक्स ओएनजीसी आफिसर्स वाइव्स संस्था की ओर से प्रेमधाम सहयोग के दौरान देविका, पलक, निकिता, अंजली, रूफिशा, टोबा, बुशरा, अजमेरी, रिंकी, मनीषा, सोनाली, स्नेहा, दीपांशी, कोमल, वंशिका, नेहा, खुशी, आरती, शालिनी, पुष्पा, निधि और फरहा ने अपना योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *