Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

राष्ट्रपति फ्लीट की रिहर्सल के दौरान यहां हुए वाहन क्षतिग्रस्त

राष्ट्रपति फ्लीट की रिहर्सल के दौरान हादसा, तीन वाहन क्षतिग्रस्त
– देहरादून के हाथीबड़कला में रिहर्सल के दौरान फ्लीट के एक वाहन का एक्सिल टूटा
– अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे तीन वाहनों को मारी टक्कर
– आज दो दिवसीय दौरे पर देहरादून आ रहीं हैं राष्ट्रपति मुर्मु

Ruchi negi ….. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दो दिवसीय दौरे को लेकर चल रही फ्लीट रिहर्सल के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सोमवार शाम को न्यू कैंट रोड हाथीबड़कला के पास रिहर्सल की फ्लीट में शामिल एक सरकारी कार का एक्सल टूटने से टायर निकल गया। जिससे कार अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा से आ रहे तीन वाहनों से टकरा गई। हालांकि, हादसे में किसी को चोट नहीं पहुंची, लेकिन घटना स्थल पर अफरा तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना से पुलिस के आला अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया और आनन फानन अधिकारी मौके पर पहुंचे।
दरअसल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से दो दिवसीय दौरे पर देहरादून में रहेंगी। पहले ऋषिकेश और फिर दून में अलग-अलग समारोह में राष्ट्रपति प्रतिभाग करेंगी। उनका रात्रि विश्राम राजभवन में होगा। सोमवार शाम को दौरे से पूर्व पुलिस ने फुल फ्लीट रिहर्सल की। फ्लीट ऋषिकेश से दून में राजभवन के लिए चली। पूरे रास्ते फ्लीट सही रही, लेकिन दिलाराम चौक से न्यू कैंट रोड पर राजभवन जाते वक्त फ्लीट में शामिल पुलिस की एक सरकारी कार का एक्सिल टूट गया और टायर निकल गया। जिससे कार अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रहे एक के बाद एक तीन वाहनों से टकरा गई। हादसे की चपेट में आए वाहनों में सवार लोग चीखने लगे और आसपास से गुजर रहे राहगीरों में भी अफरा तफरी मच गई। कैंट थानाध्यक्ष राकेश गुसाईं ने बताया कि घटना में किसी को चोट नहीं आई। फ्लीट की क्षतिग्रस्त कार को बदल दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *