Headlines

नियम कानून तोड़ने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई Dehradun….सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में वाहन चालकों की मनमानी पर जमकर कार्रवाई हुई। 21 से 23 अगस्त तक चले अभियान में देहरादून संभाग में 2209 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 157 वाहन बंद किए गए। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों से लेकर तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रवर्तन टीमों ने शिकंजा कसा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 40 टीमों ने अभियान चलाया। कार्रवाई में सबसे अधिक ओवरस्पीडिंग के 347 मामले पकड़े गए। इसके अलावा 239 बिना हेलमेट, 194 ओवरलोडिंग और 183 सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने के मामले सामने आए। मालवाहक वाहनों से माल बाहर निकालकर ले जाने के 112 मामलों में भी चालान किया गया। नशे में वाहन चलाने वाले 11 चालक भी कार्रवाई की जद में आए। हरिद्वार में सबसे ज्यादा चालान, रुड़की में सर्वाधिक वाहन बंद हरिद्वार में 531 चालान और 36 वाहन बंद किए गए। रुड़की में 492 चालान के साथ 41 वाहन बंद किए गए। ऋषिकेश में 442 चालान और 15 वाहन, देहरादून में 418 चालान और 38 वाहन बंद किए गए। टिहरी में 116 चालान व चार वाहन तथा उत्तरकाशी में 47 चालान व सात वाहन बंद किए गए। अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने संभाला मोर्चा देहरादून में एआरटीओ प्रवर्तन रत्नाकर सिंह, ऋषिकेश में रश्मि पंत, विकासनगर में अनिल नेगी, हरिद्वार में नेहा झा, रुड़की में कृष्ण चंद्र पलाड़िया, टिहरी में ज्योतिशंकर मिश्रा और उत्तरकाशी में सुवर्णा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। भारी, मध्यम व हल्के मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहनों की भी जांच की गई। आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन केवल सुरक्षित व निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की अपील की गई है।

ग्राहकों की जमा रकम डकार कर कंपनी मालिक फरार

Dehradun… स्माल बैंक की तरह ग्राहकों की आरडी व एफडी जमा कर कंपनी मालिक फरार हो गया। आरोपित ने ग्राहकों के 1.24 करोड़ रुपये डकार दिए। इस मामले में वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित यूनिट की जांच के बाद वसंत विहार थाना पुलिस ने आरोपित दंपती के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में मीनाक्षी पाल निवासी राजा रोड, तेलपुरा, सेलाकुई ने बताया कि वह हिमसंचय क्रियेशन निधि प्राइवेट लिमिटेड की कर्मचारी थी। कंपनी की सेलाकुई स्थित शाखा में एक जुलाई से कार्यरत थी। हिमसंचय कंपनी के मालिक एवं संचालक कपिल देव शर्मा है, जोकि शास्त्रीनगर देहरादून के निवासी हैं। कंपनी का हेड आफिस इंदिरा नगर में स्थित है। शिकायतकर्ता ने बताया कि कंपनी स्माल बैंक से संबंधित कार्य करती थी, जिसमें आरडी, एफडी इत्यादि शामिल हैं। कंपनी की सेलाकुई स्थित शाखा में उसके अलावा छह अन्य लोग कार्यरत थे, जोकि कार्यालय के साथ-साथ ग्राहक से प्रतिमाह और दिन का कलेक्शन करने का भी कार्य करते थे। ग्राहकों को कोई भी खाता खोलने पर कंपनी का बांड एवं पासबुक प्रदान की जाती थी। कंपनी की सेलाकुई ब्रांच में कार्यरत सभी कर्मचारियों की ओर से लगभग 12 लाख रुपये प्रतिमाह का कलेक्शन किया जाता था और सभी खातों में प्राप्त धनराशि समस्त हिसाब-किताब के साथ कंपनी के मालिक एवं संचालक कपिल शर्मा व उनकी पत्नी भावना शर्मा को जमा करा दी जाती थी।
कंपनी की देहरादून में तीन शाखाएं व अन्य राज्यों में भी अपनी शाखाएं खोली गई थी। कंपनी की कर्मचारी होने के कारण कंपनी के निर्देशानुसार कई ग्राहकों के प्रतिदिन व महीने के खाते और फिक्स डिपाजिट खुलवाए और अपनी भी एक लाख 40 हजार की एफडी कराई थी। इस तरह उसने व अन्य कर्मचारियों ने कंपनी में 1.24 करोड़ रुपये ग्राहकों से जमा कराई गई। जब कंपनी में ग्राहकों के के प्रतिदिन, महीने के खाते और एफडी की अवधि पूर्ण हो गई, तब ग्राहकों ने अपनी जमा की गई धनराशि की निकासी के लिए आग्रह किया तो कंपनी के संचालक कपिल देव शर्मा टाल-मटोल करने लगा। पीड़ित ने बताया उसने व उसके साथ अन्य कर्मचारियों ने जब रकम वापस मांगी तो आरोपितों ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी। अब कपिल शर्मा ने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर दिया हैं। वसंत विहार थाना पुलिस ने दंपती के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *